मुरादाबाद। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी कांठ ने थाना कांठ क्षेत्रांतर्गत नीलकंठ मंदिर पर आयोजित मेले और गंगा स्नान घाट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और गंगा स्नान घाट पर किए गए पुलिस प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ग्रामीण ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मेले और स्नान घाट पर सतर्कता बरती जाए तथा भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम तरीके से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने का अवसर मिले। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी गई@जफर/INN
