स्कूली पाठ्यपुस्तकों की प्रिंटिंग क्वालिटी को लेकर उठ रहे सवालों के बीच NCERT ने मामले को गंभीरता से लिया है। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि किताबों की छपाई में सामने आई खामियों की प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जिस भी प्रिंटर की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
NCERT ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि बच्चों को साफ-सुथरी, पढ़ने में आसान और स्टूडेंट फ्रेंडली किताबें उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए प्रिंटिंग की गुणवत्ता से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला उस समय चर्चा में आया जब सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विनीत जिंदल समेत कई अभिभावकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर NCERT की कक्षा 10वीं की किताबों की छपाई को लेकर शिकायत की। अधिवक्ता ने बताया कि उनके बेटे की किताब में अक्षर बेहद छोटे और धुंधले तरीके से छपे हुए हैं। इससे बच्चों को पढ़ने में परेशानी हो रही है।
अभिभावकों ने आशंका जताई कि खराब प्रिंटिंग के कारण लंबे समय तक पढ़ाई करने वाले बच्चों को आंखों में थकान और सिरदर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने किताबों की छपाई के मानकों की दोबारा समीक्षा करने की मांग भी उठाई।
महंगी किताबों को लेकर भी अभिभावकों की चिंता
प्रिंटिंग की गुणवत्ता के अलावा निजी स्कूलों की महंगी किताबों को लेकर भी अभिभावकों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई बार स्कूलों में निर्धारित किताबों की कीमत NCERT की पुस्तकों से काफी अधिक होती है। ऐसे में किताबों की गुणवत्ता और कीमत दोनों अभिभावकों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं।
कैलकुलेटर के इस्तेमाल पर भी हाईकोर्ट में मामला
इसी बीच कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में कैलकुलेटर के इस्तेमाल को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में जनहित याचिका लंबित है। याचिका में अकाउंटेंसी परीक्षा में बेसिक नॉन-प्रोग्रामेबल कैलकुलेटर की अनुमति देने और गणित विषय में इसके इस्तेमाल पर विशेषज्ञ समिति से विचार कराने की मांग की गई है।
इस मामले में हाईकोर्ट की खंडपीठ ने 4 नवंबर को संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर छह सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा था।
