अमरोहा। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले में मंगलवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ब्रह्ममुहूर्त में तड़के तीन बजे से ही गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। देखते ही देखते लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा स्नान का यह सिलसिला लगातार जारी है।

कार्तिक पूर्णिमा के विशेष महत्व को देखते हुए श्रद्धालु देर रात से ही गंगा घाटों पर पहुंचने लगे थे। सुबह तीन बजे स्नान का शुभारंभ होते ही हर-हर गंगे और मां गंगा के जयकारों से पूरा गंगा तट गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। स्नान के बाद लोगों ने घाटों पर पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों को दान-पुण्य कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।

तिगरी गंगा मेले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। मेले में पिछले कई दिनों से श्रद्धालुओं का आवागमन जारी था, लेकिन कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा देखने को मिला। गंगा घाटों पर सुबह से ही भक्तों की कतारें लगी रहीं। परिवारों के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं में स्नान और पूजा-अर्चना को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है। यही वजह है कि इस पावन पर्व पर दूर-दराज से लोग तिगरी धाम पहुंचकर मां गंगा में स्नान करते हैं। श्रद्धालुओं के लिए यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और आध्यात्मिक विश्वास का भी प्रतीक है।
गंगा स्नान के साथ ही तिगरी मेले में धार्मिक गतिविधियों और श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी हुई है। घाटों पर पूजा-पाठ, दीपदान और दान-पुण्य का सिलसिला जारी है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तिगरी धाम एक बार फिर आस्था के विशाल केंद्र के रूप में नजर आया, जहां लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने गंगा तट को भक्तिमय बना दिया@ब्यूरो/INN
