अमरोहा/हापुड़, 24 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर मंगलवार को तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर के गंगा तट देशभर से आए श्रद्धालुओं से सराबोर रहे। पूर्व संध्या पर देर रात तक दीपदान हुआ और मध्यरात्रि के बाद स्नान शुरू हो गया। लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और कृषि संपन्नता की कामना की। मेले ने जहां हजारों दुकानदारों और आसपास के गांवों को रोजगार दिया, वहीं तिगरी में व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी उठे।

विश्वस्त सूत्रों की मानें तो फैंसिंग और टीन शेड से इतर आस्थावान श्रद्धालुओं के डेरों की भूमि को ट्रैक्टर से जुतवाकर प्रति डेरा 400 रुपये लिए जाने की शिकायतें मिलीं, जिन पर मेला प्रशासन ने संज्ञान लेकर इसे रुकवा दिया।

आस्था और लोक संस्कृति के संगम इन दोनों तटों पर घाटों पर दीपों की रोशनी, वैदिक मंत्रोच्चार और गंगा के जयकारे गूंजते रहे। स्नान-पूजन के बाद श्रद्धालुओं की घर वापसी भी शुरू हो गई। मुख्य स्नान से पहले सोमवार शाम तिगरी सहित विभिन्न घाटों पर दीपदान हुआ। श्रद्धालुओं ने दिवंगत परिजनों की स्मृति और आत्मा की शांति की कामना के साथ दीप जलाए। अपनों की याद में कई लोगों की आंखें नम हो गईं। देर रात तक तिगरी, पौंरा और पूठधाम घाटों पर दीपों की कतारें दिखती रहीं। परिवारों ने परंपरागत रीति से पूजा की और गंगा आरती में भी सहभागिता की।

मध्यरात्रि के बाद स्नान तेज हुआ और भोर तक घाटों पर भीड़ बढ़ती गई। श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। कई परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार कराए, लेकिन इस बार मेला प्रशासन द्वारा रैन बसेरे नहीं लगाए जाने से ऐसे तमाम श्रद्धालु परिवार रात-भर रैन बसेरों की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे,जबकि किसान परिवारों ने अच्छी फसल, पर्याप्त वर्षा और खुशहाली की मन्नत मांगी। स्नान के बाद लोगों ने मेले में खरीदारी की और धार्मिक आयोजनों में भाग लिया।

भीड़ के बीच प्रशासन के सामने यातायात, सुरक्षा और नियंत्रण की चुनौती रही। घाटों पर पुलिस तैनाती, निगरानी और बैरिकेडिंग से आवाजाही व्यवस्थित करने के प्रयास हुए, फिर भी तिगरी से कुमराला गांव तक वाहनों की अधिक आवाजाही से जाम लगा। रोडवेज बसों में भी भारी भीड़ रही।
तिगरी गंगा मेला केवल आस्था का ही नहीं, रोजगार का भी बड़ा केंद्र है। एक अनुमान के अनुसार मेले में आठ लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं और टीन फैंसिंग को छोड़कर दो किलोमीटर के दायरे में गंगा की रेती पर ट्रैक्टर ट्राली का मेला बसा था। अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बिजनौर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मेरठ और बुलंदशहर समेत कई जिलों के लोगों के लिए यह मेला कमाई का जरिया माना जाता रहा है। कोई झूले लेकर आता है, कोई टेंट का काम करता है तो कोई बिजली के इंतजाम से अच्छी आमदनी कर लेते थे लेकिन बगैर रसीद जमीन इस बार महंगी दर पर आबंटित की गई है।

प्रसाद सामग्री की दुकान संचालिका कुसुम के अनुसार मेले का बेसब्री से इंतजार रहता है। मोहरका पट्टी निवासी शौकीन ने बताया कि मेले से दरांती, खुरपे जैसे कृषि औजार बेचकर उनके गांव के सैकड़ों लोग अच्छी कमाई कर लेते थे, जबकि कांकाठेर के लोग कांस और पुआल बेचकर रोजगार उम्मीद लगाए रहे।
मीना बाजार में दुकान लगाने वाले बिजनौर के रोहित कुमार और पकौड़ी की दुकान चलाने वाले संभल निवासी रामरतन का कहना है कि मेले की कमाई से घर का खर्च कई महीने तक चल जाता था। लेकिन अब बदलते समय के साथ लोगों की पसंद और खरीदारी का तरीका बदला है, जिसका असर कारोबार पर भी दिख रहा है। मेरठ निवासी बिल्लू को खिलौनों की मांग घटने का मलाल है। उनके अनुसार बच्चों का ध्यान मोबाइल की ओर अधिक है, इसलिए पहले जैसी बिक्री नहीं रही और उन्हें 50 प्रतिशत तक छूट देकर सामान बेचना पड़ रहा है।

इसी बीच तिगरी मेले की भव्यता के बीच पारंपरिक धार्मिक स्वरूप और सुविधाओं को लेकर सवाल उठे। बसों और रेलगाड़ियों से पहुंचे श्रद्धालु रात्रि विश्राम के लिए रैन बसेरे तलाशते रहे। साधु-संतों के शिविर, अखाड़े, भंडारे, अन्नक्षेत्र और हवन-यज्ञ जैसी गतिविधियों की कमी खली। आरोप है कि अमरोहा जिला प्रशासन ने सेक्टर एक से पांच तक के पारंपरिक साधु-संत क्षेत्र को लगभग साधु-संत विहीन कर वहां टेंट सिटी को प्रमुखता दी। टेंट सिटी में साज-सज्जा और मनोरंजन की व्यवस्था दिखी, लेकिन तेज आवाज में बजते डिस्को और डीजे संगीत ने धार्मिक वातावरण और श्रद्धालुओं के सुकून पर सवाल खड़े किए।

सूत्रों के अनुसार डेरों की भूमि जुतवाने के नाम पर प्रति डेरा 400 रुपये लिए जाने से भी श्रद्धालुओं में नाराजगी थी, जिसकी शिकायत पर मेला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए इसे बंद कराया। सवाल यह भी है कि टेंट सिटी पर जोर देते हुए साधु-संतों के शिविरों, अन्नक्षेत्रों, भंडारों और रात्रि विश्राम को प्राथमिकता क्यों नहीं मिली। मेले की सफलता सजावट और भीड़ से ही नहीं, परंपराओं के संरक्षण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से भी तय होती है।
दूसरी ओर गढ़मुक्तेश्वर में नागरिक सुविधाओं की सराहना हुई। गंगा पर बना पीपे का पुल तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर के मेलों के बीच कड़ी बना और दोनों ओर आवागमन आसान हुआ। बसतौरा में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजन के साथ मेला शुरू हुआ। विधायक राजीव तरारा ने गढ़-तिगरी को पुल से जोड़ने की पहल की सराहना की और सीपिया फार्म में मेले का उद्घाटन भी किया। श्रद्धालुओं से गंगा तट स्वच्छ रखने तथा प्लास्टिक-पॉलीथिन से बचने की अपील की गई।

प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. बीएस जिंदल ने स्वच्छता, सड़कों, शौचालयों, प्रकाश और प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने बताया कि हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीना को व्यवस्थाओं के लिए समाजसेवियों की ओर से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।
कार्तिक पूर्णिमा प्रकृति, अध्यात्म और लोकजीवन से जुड़ी सांस्कृतिक निरंतरता का पर्व है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया, इसलिए इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा कहते हैं। इस विजय पर देवताओं द्वारा काशी में दीपोत्सव मनाने की मान्यता से देव दीपावली की परंपरा जुड़ी है। इसी दिन सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व भी मनाया जाता है। तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर जैसे गंगा मेले धार्मिक अनुष्ठानों के साथ गंगा तट पर उमड़ी भीड़ ने दिखाया कि समाज का नदियों, पूर्वजों और लोक परंपराओं से जुड़ाव कायम है। तिगरी-गढ़ मेले की पहचान तभी सुरक्षित रहेगी, जब आस्था की विरासत के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं और प्रशासनिक जवाबदेही को समान महत्व मिलेगा@ब्यूरो/INN
