मुरादाबाद। थाना भगतपुर पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए करीब दो लाख रुपये कीमत की खोई हुई डायमंड अंगूठी बरामद कर उसके स्वामी को सकुशल सौंप दी। अंगूठी मिलने पर परिवार ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के टीडीआई सिटी निवासी शिवम कत्याल 21 नवंबर को अपने परिवार के साथ मुरादाबाद से जिम कॉर्बेट (रामनगर, उत्तराखंड) जा रहे थे। रास्ते में सुबह करीब 11 बजे थाना भगतपुर क्षेत्र के ग्राम दौलपुरी में वे आवश्यक सामान खरीदने के लिए रुके। इसी दौरान उनकी पत्नी की करीब दो लाख रुपये कीमत की डायमंड अंगूठी कहीं गिर गई। काफी तलाश करने के बावजूद अंगूठी का कोई सुराग नहीं लग सका।
इसके बाद 24 नवंबर को शिवम कत्याल थाना भगतपुर पहुंचे और पुलिस को अंगूठी खोने की सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे करीब 25 से 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने बारीकी से फुटेज का अवलोकन करते हुए अंगूठी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए।
पुलिस टीम की मेहनत और तत्परता आखिरकार रंग लाई और खोई हुई डायमंड अंगूठी सकुशल बरामद कर ली गई। आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अंगूठी शिवम कत्याल को सौंप दी गई।
खोई हुई कीमती अंगूठी वापस मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस की इस कार्यवाही से एक बार फिर साबित हुआ कि तत्परता और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल से आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा सकता है@जफर/INN
