मुरादाबाद। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कौशल विकास मिशन एवं राजकीय पॉलीटेक्निक, मुरादाबाद के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय पॉलीटेक्निक परिसर में एक वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। मेले में लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जबकि 3000 से अधिक रोजगार के इच्छुक युवाओं ने साक्षात्कार में भाग लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से 1097 अभ्यर्थियों को चयनित/शॉर्टलिस्ट किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सदस्य विधान परिषद सत्यपाल सिंह सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शैफाली सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक पहल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सत्यपाल सिंह सैनी ने कहा कि बेरोजगारी केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व की एक प्रमुख समस्या है। उन्होंने कहा कि देश तीव्र गति से विकास की ओर अग्रसर है और केंद्र व राज्य सरकारें हर हाथ को काम देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने हुनर को निखारकर उद्योगों की आवश्यकता बनें और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।
प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी
रोजगार मेले में स्थानीय स्तर की प्रमुख कंपनियों जैसे पशुपति एकिलोन लिमिटेड, कॉसमॉस अस्पताल, जीनस पेपर मिल, सी.एल. गुप्ता, डिजाइन्को प्रा. लि., एशियन विवेकानन्द अस्पताल एवं पुखराज हेल्थ केयर प्रा. लि. सहित अन्य संस्थानों को आमंत्रित किया गया।
इसके अतिरिक्त बाहरी जनपदों एवं निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों जैसे महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा लिमिटेड, टाटा मोटर्स लिमिटेड, श्रीराम पिस्टन एण्ड रिंग लिमिटेड एवं डाइकन ए.सी. ने भी प्रतिभाग कर युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान किए।

ऑफर लेटर वितरण
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा साइकोमेट्रिक टेस्ट एवं ए.आई. प्रशिक्षण पंडाल की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर आउटसोर्सिंग/संविदा के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों सहित कुल 30 युवाओं को ऑफर लेटर/नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
यह वृहद रोजगार मेला मुरादाबाद के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने वाला साबित हुआ और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
