
कोर्ट की सुरक्षा पर फिर सवाल उठे हैं। आरा सिविल कोर्ट के मेन गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल कायम है। बताया जा रहा है कि हथियारबंद अपराधियों ने एक आदमी को गोली मार दी है। उनका नाम गोपाल चौधरी है और कोर्ट में केस की तारीख पर हाजिरी देने के लिए आए थे। जैसे ही कोर्ट के गेट से एंट्री कर रहे थे, अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में उनको गोली लगी है। आननफानन में सदर अस्पताल ले जाया गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर कई थानों की पुलिस समेत एसपी प्रमोद कुमार भी पहुंचे। वारदात के बाद अधिवक्ताओं में काफी आक्रोश देखा गया।
आरा सिविल कोर्ट में आए एक आदमी को गेट पर पर गोली मार दी गई। घायल की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव के रहने वाले गोपाल चौधरी (62 साल) के रूप में हुई है। गोपाल चौधरी 2016 में हेमंत चौधरी हत्याकांड में नामजद आरोपी हैं। गुरुवार को कोर्ट में तारीख पर आए थे। इसी दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इसके बाद हथियार लहराते हुए भाग गए। घटना को लेकर सिविल कोर्ट की सुरक्षा पर कई सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं क्योंकि यहां की सुरक्षा बीएमपी जवानों के जिम्मे में है। कोर्ट पर इसके पहले भी कई बार इस तरह की घटना हो चुकी है। वहीं, सिविल कोर्ट में हुए बम ब्लास्ट की घटना के बाद यहां की सुरक्षा काफी कड़ी की गई थी लेकिन एक बार फिर से अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है।
कोर्ट में कार्यरत वकील शशिकांत सक्सेना ने बताया कि अचानक से गोली चलने लगी और देखते ही देखते अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौका-ए-वारदात पर एसपी प्रमोद कुमार यादव, एसडीएम लाल ज्योतिनाथ साहदेव समेत कई अधिकारी पहुंचे। घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस भी पहुंची। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी जारी है।