मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने मंगलवार को विकास खण्ड मुरादाबाद स्थित किसान सेवा सहकारी समिति, लोधीपुर जवाहर नगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समिति के अभिलेखों, उर्वरक उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
सीडीओ ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता को निर्देश देते हुए कहा कि समिति पर उपलब्ध सभी अभिलेखों को अद्यतन कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जनपद की सभी सहकारी समितियों पर किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्वरक वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए तथा समय-समय पर समितियों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी समिति पर उर्वरक की कमी न होने पाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी सहकारिता दीपक शर्मा, समिति सचिव इकरामुद्दीन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
