मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अभिनव पहल “एक पुष्प एक पुस्तक” मुहिम को जनपद में व्यापक सफलता प्राप्त हो रही है। इस अनूठे अभियान का उद्देश्य लोगों को पुष्प भेंट करने की परंपरा के साथ-साथ ज्ञानवर्धन एवं अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा देना है। जनपद के विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों द्वारा इस मुहिम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि किसी भी सम्मान अथवा स्वागत अवसर पर पुष्पगुच्छ भेंट करने के स्थान पर एक पुष्प और एक पुस्तक भेंट करने की परंपरा विकसित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इससे न केवल पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ रही है बल्कि समाज में सकारात्मक एवं बौद्धिक वातावरण का निर्माण भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुस्तकें व्यक्ति के जीवन में ज्ञान, संस्कार और प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत होती हैं।
शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी यह मुहिम महत्वपूर्ण साबित हो रही है, क्योंकि पुष्पगुच्छों के अत्यधिक उपयोग के स्थान पर पुस्तकों को बढ़ावा देने से संसाधनों के संरक्षण का संदेश भी प्रसारित हो रहा है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस मुहिम से अधिकाधिक संख्या में जुड़ें तथा प्रत्येक सामाजिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रम में “एक पुष्प एक पुस्तक” की भावना को अपनाकर ज्ञानवर्धन एवं जागरूक समाज निर्माण में अपना योगदान दें।
