मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया द्वारा जनपद के समस्त विभागाध्यक्षों एवं आहरण-वितरण अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री जी की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत संचालित गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु “गो संरक्षण एवं संवर्धन कोष” में एक दिन का वेतन स्वैच्छिक रूप से दान किया जाए।
जनपद मुरादाबाद में वर्तमान समय में 35 वृहद एवं अस्थायी गौ आश्रय स्थल संचालित हैं, जिनमें लगभग 7800 निराश्रित गोवंशों का संरक्षण एवं भरण-पोषण किया जा रहा है। शासन द्वारा संचालित इस महत्वपूर्ण योजना के अंतर्गत गोवंशों के लिए चारा, भूसा, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि गो संरक्षण एवं संवर्धन कोष का संचालन पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है तथा इस कोष में प्राप्त धनराशि का उपयोग गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों की देखभाल एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर किया जाएगा। उन्होंने जनपद के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इस पुण्य कार्य में सहयोग करते हुए स्वेच्छा से एक दिन का वेतन दान करने के लिए कहा है।
दान हेतु बैंक का नाम : केनरा बैंक, विकास भवन, मुरादाबाद
खाते का नाम : GAUSANRAHSHAN EVM SAMBARDHAN KOSH
खाता संख्या : 110065329916
आईएफएससी कोड : CNRB0018825
जिलाधिकारी ने कहा कि गोवंश संरक्षण भारतीय संस्कृति एवं सामाजिक संवेदनशीलता से जुड़ा विषय है तथा सभी के सहयोग से इस अभियान को और अधिक सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमा की गई धनराशि का विवरण मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
