शहर की मस्जिदों में सुबह 5:40 से 8:15 बजे तक अलग-अलग समय पर अदा होगी नमाज, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुरादाबाद। बकरीद (ईद-उल-अजहा) को लेकर शहर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार 28 मई को मनाए जाने वाले इस पर्व के लिए ईदगाह और शहर की विभिन्न मस्जिदों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जानकारी के अनुसार, शहर की ईदगाह में बकरीद की मुख्य नमाज सुबह 7:30 बजे अदा की जाएगी। वहीं शहर की अलग-अलग मस्जिदों में नमाज का समय सुबह 5:40 बजे से शुरू होकर 8:15 बजे तक रहेगा। भीड़ को देखते हुए कुछ मस्जिदों में दो बार नमाज अदा कराने की भी तैयारी की गई है।
बकरीद को लेकर मुस्लिम बहुल इलाकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहर से लेकर गांवों तक पशु बाजार सज गए हैं और कुर्बानी के लिए लोग बड़ी संख्या में जानवरों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में रौनक बढ़ गई है और देर रात तक खरीदारी का दौर जारी है।
प्रशासन भी त्योहार को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है।
धार्मिक नेताओं और प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें।
