नोएडा के सेक्टर-64 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र में शनिवार को आयोजित सीयूईटी (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) तकनीकी खामियों के कारण शुरू ही नहीं हो सकी। सुबह से परीक्षा देने पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद परीक्षा रद्द करने की घोषणा कर दी गई। इस फैसले से नाराज छात्रों और अभिभावकों ने केंद्र के बाहर प्रदर्शन करते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ नारेबाजी की।
अभ्यर्थियों के अनुसार वे निर्धारित समय से पहले ही केंद्र पहुंच गए थे, लेकिन लंबी कतारों और अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलने के बाद भी छात्रों को एक से दो घंटे तक बैठाए रखा गया। कई कमरों में पंखे नहीं चल रहे थे, जिससे भीषण गर्मी के बीच छात्रों को परेशानी झेलनी पड़ी। बार-बार तकनीकी दिक्कतों का हवाला दिया जाता रहा, लेकिन परीक्षा शुरू नहीं हो सकी।
प्रदर्शन कर रहे अनुज ने बताया कि उनके भाई की परीक्षा सुबह नौ बजे निर्धारित थी। वह उन्हें सुबह 6:30 बजे केंद्र छोड़कर गए थे और करीब दस बजे वापस पहुंचे, लेकिन तब तक परीक्षा शुरू नहीं हुई थी। छात्रों का आरोप है कि तकनीकी समस्या की जानकारी होने के बावजूद उन्हें लंबे समय तक परीक्षा केंद्र के भीतर रोके रखा गया और बाहर जाने की अनुमति भी नहीं दी गई।
छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने महीनों तक इस परीक्षा की तैयारी की थी। ऐसे में परीक्षा रद्द होने से उनके भविष्य और प्रवेश प्रक्रिया को लेकर चिंता बढ़ गई है। उन्होंने एनटीए से परीक्षा दोबारा आयोजित करने, पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र के बाहर देर तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। छात्रों का कहना है कि यदि तकनीकी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार नहीं थीं तो परीक्षा आयोजित करने से पहले उनकी जांच की जानी चाहिए थी, ताकि अभ्यर्थियों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़ता।
