सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) लगातार विभिन्न विवादों और सवालों का सामना कर रहा है। पहले ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) के जरिए हुई मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठे, वहीं कुछ छात्रों ने उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी में पन्ने गायब होने की शिकायत भी की।
हाल ही में एक 19 वर्षीय युवक ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उसने OSM पोर्टल को हैक कर लिया है। हालांकि, सीबीएसई ने बाद में स्पष्ट किया कि संबंधित पोर्टल केवल एक डमी पोर्टल था। इसके बावजूद अब बोर्ड के पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) पोर्टल को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकारी सूत्रों ने जानकारी दी है कि सीबीएसई के पुनर्मूल्यांकन पोर्टल के पेमेंट सिस्टम पर साइबर अटैक हुआ था, जिसके चलते करीब 50 छात्रों ने कथित तौर पर अनधिकृत रूप से पोर्टल तक पहुंच बना ली थी। सूत्रों के मुताबिक, यह मामला एचडीएफसी बैंक से जुड़े पेमेंट गेटवे से संबंधित था।
इसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी के लिए निर्धारित आवेदन शुल्क में भी असामान्य बदलाव देखने को मिला। जहां बोर्ड ने फीस 700 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दी थी, वहीं कुछ मामलों में यह राशि 1 रुपये से लेकर 67,000-68,000 रुपये तक दिखाई देने लगी। सूत्रों का कहना है कि यह बदलाव मजाक या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के चलते किया गया हो सकता है। ऐसे लगभग 50 मामलों की पहचान हुई, जिनमें आवेदन शुल्क में बदलाव दर्ज किया गया।
बताया जा रहा है कि यह समस्या पोर्टल के लाइव होते ही सामने आई। सूत्रों के अनुसार, कुछ समय तक पोर्टल प्रभावित रहा और भुगतान से जुड़ी गड़बड़ियों के दौरान कुछ छात्रों ने सिस्टम में हेरफेर करने की कोशिश की।
इस बीच, सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी। इससे पहले 29 मई को पोर्टल खुलने की संभावना जताई जा रही थी। बोर्ड का कहना है कि यह फैसला मूल्यांकन प्रक्रिया में उच्चतम मानकों और पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।
छात्रों की शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए सीबीएसई ने टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन नंबर 1800 11 8004 जारी किया है। इसके अलावा छात्र resultcbse2026@cbseshiksha.in पर ईमेल के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं।
