मुरादाबाद। जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भोजपुर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे बजरी का अवैध परिवहन करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, खान अधिकारी राघवेन्द्र सिंह की ओर से थाना भोजपुर में तहरीर देकर बताया गया कि एक डंपर के माध्यम से लगभग 20 घन मीटर बजरी का अवैध परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान पाया गया कि डंपर HR 58 E 5143 की नंबर प्लेट के नंबरों से छेड़छाड़ की गई थी। इसके अलावा वाहन के कागजात मांगे जाने पर चालक द्वारा कथित रूप से कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
तहरीर के आधार पर थाना भोजपुर में मु0अ0सं0 206/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(1) तथा लोक सम्पत्ति निवारण अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने शनिवार देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी सलीम पुत्र अमजद निवासी सौदासपुर, थाना डिलारी, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
