मुरादाबाद। शहर की स्वच्छता, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल तथा नगर विधायक रितेश गुप्ता ने मंडी समिति क्षेत्र एवं थाना मंझोला अंतर्गत विभिन्न स्थानों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्षेत्र में साफ-सफाई, नालियों की स्थिति, जलभराव की संभावनाओं तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क किनारे सफाई व्यवस्था, नालों और नालियों की नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए ताकि कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने कहा कि शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाएं प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा जिन स्थानों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, वहां तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने भी निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने और नागरिक सुविधाओं को सुचारु रखने के लिए प्रशासन और पुलिस का समन्वित प्रयास लगातार जारी रहेगा।
नगर विधायक रितेश गुप्ता ने क्षेत्रीय समस्याओं और स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया तथा विकास और स्वच्छता संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
