मुरादाबाद। भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव पाडली बाजे में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण गांव के बाहर स्थित अमृत सरोवर की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक आम के पेड़ से लटके युवक पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान गांव निवासी संजय (25) पुत्र ब्रजकिशोर के रूप में हुई। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार संजय काफी समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका उपचार चल रहा था। बताया गया कि करीब 14 दिन पहले उसकी मां का निधन हो गया था। मां की मौत के बाद से वह काफी गुमसुम रहने लगा था और मानसिक तनाव में था।

सूचना पर पहुंची भगतपुर थाना पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां के निधन के कुछ ही दिनों बाद बेटे की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव के लोगों ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है।

पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है@जफर-INN
