मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बैजनाथपुर में शुक्रवार सुबह एक तेंदुए का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तेंदुआ सड़क किनारे स्थित एक खेत में मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि वन विभाग की टीम जांच के लिए रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने बैजनाथपुर गांव के निकट खेत में एक तेंदुए का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
ग्राम प्रधान समेत स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि तेंदुआ किसी वाहन की टक्कर का शिकार हुआ होगा। बताया जा रहा है कि सड़क पार करते समय किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिसके बाद वह खेत में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की मौत के सही कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और आवश्यक कार्रवाई में लगी हुई है।
क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी और उसकी मौत की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं, वन विभाग वन्यजीव की मौत के कारणों की हर पहलू से जांच कर रहा है@जफर-INN
