मुरादाबाद, मैनाठेर। थाना मैनाठेर क्षेत्र के गांव रसूलपुर हमीर में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी के सिर पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव रसूलपुर हमीर निवासी नसीम ने करीब छह वर्ष पूर्व सना (30) से प्रेम विवाह किया था। दोनों के तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि नसीम ने सना के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से सना लहूलुहान होकर कमरे में गिर पड़ी।
प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत
मृतका के परिजनों का आरोप है कि प्रेम विवाह के बावजूद शादी के बाद से ही सना को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों के मुताबिक आरोपी पति नकदी और भैंस की मांग करता था तथा मांग पूरी न होने पर अक्सर मारपीट करता था।
मृतका के पिता ने बताया कि सुबह उनकी नातिन रोते हुए उनके घर पहुंची और बताया कि उसके पिता ने उसकी मां के सिर पर ईंट मार दी है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां सना खून से लथपथ हालत में कमरे के अंदर पड़ी मिली।

नशे की लत और घरेलू कलह की चर्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी नसीम नशे का आदी था और आए दिन घर में विवाद करता रहता था। ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतनी भयावह परिणति तक पहुंच जाएगा।
एसपी देहात और फॉरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही मैनाठेर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए सुरक्षित किए।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पति फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
तीन मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका के तीनों बच्चे अब मां के साये से वंचित हो गए हैं। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
