मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शुक्रवार को एक इलेक्ट्रिक वाहन (EV) शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम में खड़े सभी वाहन उसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग लगने के दौरान शोरूम की ऊपरी मंजिल पर रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों ने भी फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में मदद की। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।
