उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बबराला थाना क्षेत्र के बाघऊ गांव में स्थित ‘खेड़े वाले बाबा चमन शाह बाबा दरगाह शरीफ’ मजार को बुलडोजर चलाकर हटा दिया गया। यह कार्रवाई सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने और कोर्ट से अपील खारिज होने के बाद की गई।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई की निगरानी में राजस्व विभाग की टीम ने गाटा संख्या 592 की सरकारी ऊसर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। जांच में सामने आया था कि करीब 24 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण किया गया था। ग्राम सभा की शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग ने मामले की जांच कराई, जिसमें कब्जे की पुष्टि होने पर उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-67 के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
इससे पहले राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन और पैमाइश कराई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर मजार की देखरेख करने वाले व्यक्ति को नोटिस जारी किया गया और तहसीलदार न्यायालय ने अवैध निर्माण हटाने के आदेश दिए थे। हालांकि मजार समिति ने इस आदेश को जिलाधिकारी न्यायालय में चुनौती दी, लेकिन 3 जून को अपील खारिज कर दी गई।
कोर्ट के फैसले के बाद प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था। प्रशासन ने बताया कि सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
