दिल्ली हाई कोर्ट ने 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है। वेकेशन बेंच के जस्टिस सौरभ बनर्जी ने मामले में जल्द हस्तक्षेप करने से मना कर दिया, जिससे प्रदर्शन के आयोजन का रास्ता फिलहाल साफ हो गया है।
यह याचिका ‘सेव इंडिया फाउंडेशन’ की ओर से दायर की गई थी। याचिकाकर्ताओं ने अदालत से मांग की थी कि दिल्ली पुलिस को प्रदर्शन रोकने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएं। उनका तर्क था कि सोशल मीडिया के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
याचिका में यह भी दावा किया गया कि ऑनलाइन चल रहे अभियान में कथित तौर पर भड़काऊ संदेश साझा किए जा रहे हैं और यदि भारी भीड़ जुटी तो यातायात व्यवस्था बाधित होने के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका है। संगठन का कहना है कि इस संबंध में 4 जून को दिल्ली पुलिस आयुक्त को शिकायत भी भेजी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गौरतलब है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से शुरू हुआ यह ऑनलाइन अभियान 15 मई को एक न्यायिक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। देखते ही देखते यह अभियान मीम्स, गानों और ऑनलाइन चर्चाओं का हिस्सा बन गया। इस पहल को शुरू करने वाले अभिजीत दीपके अमेरिका के बॉस्टन में रहते हैं। अब 6 जून को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर लोगों की नजरें दिल्ली पर टिकी हुई हैं।
