मुरादाबाद। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मोढ़ा तैय्या जंगल में लगातार दूसरे दिन शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। एक दिन पहले अज्ञात महिला का शव मिलने के बाद बृहस्पतिवार को उसी जंगल से एक बालक का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में पुलिस ने बालक की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। अब दोनों घटनाओं को एक-दूसरे से जुड़ा माना जा रहा है।
बुधवार को जंगल में एक महिला का शव मिला था, जिसकी गला रेतकर निर्मम हत्या की गई थी। इतना ही नहीं, हत्यारों ने उसकी पहचान छिपाने का भी प्रयास किया था। पुलिस उस मामले की जांच और महिला की शिनाख्त में जुटी ही थी कि अगले दिन उसी क्षेत्र से एक बालक का शव मिलने से मामला और उलझ गया।
पुलिस अधिकारियों का अनुमान है कि मृत बालक का संबंध महिला से हो सकता है और वह उसका पुत्र हो सकता है। हालांकि, दोनों के रिश्ते की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पहचान स्थापित होने के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
बालक का शव मिलने की सूचना पर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
पुलिस आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है तथा दोनों शवों की पहचान कराने का प्रयास तेज कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों हत्याओं की जांच एक साथ की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि मृतकों की पहचान होने के बाद हत्याकांड के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकेंगे@शांतनु/INN
