नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। गृह मंत्रालय द्वारा सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी इस आदेश के तहत दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम, लद्दाख, अंडमान-निकोबार, चंडीगढ़, पुडुचेरी, लक्षद्वीप तथा दादरा एवं नगर हवेली-दमन एवं दीव सहित कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।
इस व्यापक तबादला सूची में वरिष्ठ और युवा दोनों बैचों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कई अनुभवी अधिकारियों को राजधानी दिल्ली में तैनात किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को सीमावर्ती और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भेजा गया है।
आईएएस अधिकारियों में 2003 बैच के विवेक पांडे और 2004 बैच की गरिमा गुप्ता को दिल्ली में तैनाती मिली है। संजय गोयल को गोवा से अरुणाचल प्रदेश भेजा गया है, जबकि पवन कुमार सैन और अमजद तक को अरुणाचल प्रदेश से दिल्ली स्थानांतरित किया गया है। सौगात बिस्वास को जम्मू-कश्मीर तथा शाहिद इकबाल चौधरी को अरुणाचल प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अजय कुमार गुप्ता को दादरा एवं नगर हवेली-दमन एवं दीव से दिल्ली तथा अरावा गोपी कृष्णा को लद्दाख भेजा गया है।
इसके अलावा एल कुमार को अंडमान-निकोबार से पुडुचेरी, केसवन आर को पुडुचेरी से लक्षद्वीप और अवनीश कुमार को लक्षद्वीप से दिल्ली स्थानांतरित किया गया है। भूपेश चौधरी तथा शशांका आला को लद्दाख से दादरा एवं नगर हवेली-दमन एवं दीव भेजा गया है।
युवा अधिकारियों में ऋषिता गुप्ता को दिल्ली से अरुणाचल प्रदेश, श्वेता नगरकोटी को अरुणाचल प्रदेश से दिल्ली, ममता यादव को दिल्ली से जम्मू-कश्मीर, इशिता राठी को पुडुचेरी से जम्मू-कश्मीर तथा स्वाति शीमार को जम्मू-कश्मीर से दिल्ली भेजा गया है।
अन्य प्रमुख तबादलों में लोकेश्वरन आर, गौरव त्यागी और अंगद मेहता को दिल्ली में नई जिम्मेदारी मिली है, जबकि विनीत कुमार को चंडीगढ़, गौरव सिकरवार को गोवा, टीकम सिंह वर्मा को जम्मू-कश्मीर तथा के.एम. प्रियंका को चंडीगढ़ से जम्मू-कश्मीर भेजा गया है। इसके अलावा दिल्ली से पवन कुमार, राजीव कुमार अंबास्ता, दीपक यादव, धीरेंद्र प्रताप सिंह, निशांत गुप्ता, आनंद कुमार मिश्रा, पटेल आलाप मनसुख, सतीश कुमार, श्वेता सिंह चौहान और अमित कौशिक समेत कई अधिकारियों को विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
आईपीएस अधिकारियों के वर्ग में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। 1999 बैच के विवेक किशोर और 2001 बैच की सिंधु पिल्लई को दिल्ली में तैनाती मिली है। नबाम गुंगटे को दिल्ली से अरुणाचल प्रदेश भेजा गया है, जबकि चिन्मय बिस्वाल, अजय क्रिशन शर्मा, ए. कोआन और वर्षा शर्मा को दिल्ली स्थानांतरित किया गया है।
इसके अलावा प्रतीक्षा गोदारा को दिल्ली से अंडमान-निकोबार, जितेंद्र कुमार मीणा को अंडमान-निकोबार से दिल्ली, अनिल कुमार लाल को पुडुचेरी से दिल्ली तथा राजेश कुमार शर्मा को जम्मू-कश्मीर से चंडीगढ़ भेजा गया है। वहीं मनजीत और गीतांजलि खंडेलवाल को चंडीगढ़ से दिल्ली स्थानांतरित किया गया है।
गृह मंत्रालय के अनुसार, इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में प्रशासनिक संतुलन बनाए रखना, शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना और विकास एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में गति लाना है। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती वाले स्थानों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं@जफर/INN
