मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने गुरुवार को मुरादाबाद सर्किट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्रदेश सरकार की गौ संरक्षण संबंधी योजनाओं एवं जनपद में संचालित गौशालाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंशों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रेस वार्ता में महेश शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान समय में 7,700 से अधिक गो-आश्रय स्थल संचालित हैं, जहां लगभग 16 लाख निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया गया है। इन आश्रय स्थलों पर चारा, स्वच्छ पेयजल, उपचार एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हजारों सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना के माध्यम से पात्र गोपालकों को गोवंशों के पालन-पोषण के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे एक ओर निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित संरक्षण मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिल रही है।
समीक्षा बैठक के दौरान महेश शुक्ला ने जनपद में संचालित गौशालाओं में शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाओं की उपलब्धता, नोडल अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था तथा गोवंशों के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी निराश्रित गोवंशों को अनिवार्य रूप से गौशालाओं में संरक्षित किया जाए तथा उनकी देखभाल और उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि जनपद की 30 गौशालाओं में हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 31 हेक्टेयर चारागाह भूमि संबद्ध की गई है। साथ ही बाढ़ संभावित क्षेत्रों में स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्र राजुपुर मिलक, वृहद गौ संरक्षण केंद्र फाजलपुर तथा कान्हा गौशाला उमरी कला में संभावित जलभराव से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना के अंतर्गत गोपालकों को गोवंश सौंपे जाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम प्रशासन संगीता गौतम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
