मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने युवक को देखते ही उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली युवक के हाथ में लगी, लेकिन उसने किसी तरह अपनी जान बचाई और पास के एक रेस्टोरेंट में जाकर छिप गया। बाद में परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, पीड़ित नवीन खन्ना 9 जुलाई की रात करीब 11 बजे घर से टहलने निकले थे। जब वह नवीन नगर तिराहे पर शराब के ठेके के पास पहुंचे, तभी वहां पहले से मौजूद ध्रुव धवन, शलभ गुप्ता और लक्की ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि पुरानी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। गोली नवीन खन्ना के हाथ में लगी। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
एफआईआर के मुताबिक, गोली लगने के बावजूद नवीन खन्ना ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह घटनास्थल से निकलकर पास स्थित एक रेस्टोरेंट में शरण ली। वहीं से उन्होंने फोन कर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पीड़ित की पत्नी नीलम खन्ना ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दीपक कुमार को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी@शांतनु/INN
