मुरादाबाद। महानगर युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एडवोकेट अरमान खुर्शीद ने प्रदेशभर के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की मनमानी और लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एडवोकेट अरमान खुर्शीद ने कहा कि बिना उपभोक्ताओं की अनुमति और बिना किसी पूर्व सूचना के लाखों बिजली उपभोक्ताओं का विद्युत लोड बढ़ाकर उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है। उन्होंने मांग की कि ऐसे सभी मामलों की जांच कर बढ़ाया गया लोड तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए तथा भविष्य में बिना आवेदन किसी भी उपभोक्ता का लोड न बढ़ाया जाए।
उन्होंने महानगर के सटे भैंसिया गाँव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवती की मौत और एक अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रही जर्जर एवं खतरनाक बिजली लाइनें लोगों की जान के लिए खतरा बनी हुई हैं। अरमान खुर्शीद ने मांग की कि इन लाइनों को शीघ्र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए और तब तक पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाध्यक्ष एडवोकेट अरमान खुर्शीद ने बिना पूर्व सूचना के होने वाली बिजली कटौती पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग को किसी भी प्रस्तावित कटौती की पूर्व सूचना सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि उपभोक्ता अपनी वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन के माध्यम से एडवोकेट अरमान खुर्शीद ने कहा कि युवक कांग्रेस हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी और बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन में अरमान खुर्शीद, असलम खुर्शीद, अनूप दुबे, असद मोलाई, विवेक गुप्ता, शहजाद खान, अफजल साबरी, भयंकर सिंह मौर्य, राजेंद्र सिंह, जुनई प्रसाद, अनिल गुर्जर, मोहित सिंह, शकील चौधरी सहित सैकड़ो युवा शामिल रहे@शांतनु/INN
