मुरादाबाद। रविवार दोपहर कांठ रोड स्थित नई तहसील के समीप संचालित स्कॉलर्स डेन कोचिंग संस्थान को लेकर उस समय चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया, जब क्षेत्र में यह अफवाह फैल गई कि संस्थान पर लगी सील खोल दी गई है। संस्थान की यूनिफॉर्म पहने छात्रों को बसों में चढ़ते और उतरते देख लोगों ने तरह-तरह की चर्चाएं शुरू कर दीं, जिसके बाद कई अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी भ्रम की स्थिति बन गई।
अफवाह की सत्यता जानने के लिए संवाददाता शांतनु मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद कुछ अभिभावकों से बातचीत करने पर स्पष्ट हुआ कि स्कॉलर्स डेन संस्थान की सील नहीं खोली गई है और भवन पूर्व की भांति सीलबंद है।
अभिभावकों के अनुसार, संस्थान से जुड़े छात्र-छात्राओं को केवल परीक्षा दिलाने के उद्देश्य से बसों में बैठाकर कांठ रोड स्थित एक विद्यालय ले जाया जा रहा था, जहां उनकी परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी दौरान यूनिफॉर्म में बड़ी संख्या में छात्रों के बसों में आने-जाने को देखकर लोगों ने यह अनुमान लगा लिया कि संस्थान दोबारा संचालित हो गया है, जबकि वास्तविकता इससे अलग थी।
मौके पर मिली जानकारी के अनुसार, छात्रों को केवल परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और वापस लाने की व्यवस्था की गई थी। संस्थान के सीलबंद भवन के भीतर किसी प्रकार की कोचिंग गतिविधि संचालित होने की पुष्टि नहीं हुई।
घटना के बाद यह स्पष्ट हो गया कि स्कॉलर्स डेन की सील खुलने की चर्चा महज एक अफवाह थी। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करने तथा किसी भी जानकारी की पुष्टि करने के बाद ही उसे साझा करने की अपील की।@शांतनु/INN
