मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित रामगंगा पुल से नदी में छलांग लगाने वाले प्रेमी युगल के मामले में रविवार को राहत एवं बचाव अभियान के दौरान युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि युवती की तलाश लगातार जारी है। नदी में तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के बावजूद पुलिस, पीएसी फ्लड यूनिट और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, युवक और युवती शनिवार को बाइक से रामगंगा पुल पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ने पुल पर अपनी बाइक खड़ी की और इसके बाद नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही कटघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल पीएसी फ्लड यूनिट तथा गोताखोरों की सहायता से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया।

लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान गोताखोरों ने युवक तुषार का शव नदी से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं युवती का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।

रेस्क्यू टीम नदी के तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के बावजूद स्टीमर एवं आधुनिक खोजी उपकरणों की मदद से युवती की तलाश में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब तक युवती का पता नहीं चल जाता, तब तक खोज अभियान लगातार जारी रहेगा।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा दोनों के नदी में छलांग लगाने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी@शांतनु/INN
