मुरादाबाद। जनपद के भोजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म और उसके बाद उसे जिंदा जलाकर मारने के प्रयास का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई की है। मामले में पीड़िता के पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना पाकबाड़ा क्षेत्र के गांव रतनपुर कलां निवासी एक महिला ने भोजपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मोहम्मद इमरान ने तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद जब उसने अपने पति मोहम्मद वसीम और सास को पूरी आपबीती बताई और न्याय दिलाने की गुहार लगाई, तो दोनों ने उसका साथ देने के बजाय उसे जान से मारने की साजिश रची।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति और सास ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलसने से बाल-बाल बची। किसी तरह उसने अपनी जान बचाई और पुलिस तक पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भोजपुर थाना पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर शनिवार, 12 जुलाई 2026 को आरोपी पति मोहम्मद वसीम पुत्र मियांजान, निवासी गांव सिरसवा गौड़, थाना भोजपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया और उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की गहन विवेचना की जा रही है। पीड़िता के बयान, चिकित्सीय परीक्षण तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी@जफर/INN
