मुरादाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुरादाबाद कुंवर आकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह तथा क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक ने शुक्रवार-शनिवार की रात्रि (24/25 जुलाई 2026) को कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने थाना डिलारी क्षेत्र के डिलारी चौराहा एवं थाना भोजपुर क्षेत्र के धारक नगला चौराहा पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों प्रमुख चौराहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया, ताकि यात्रा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। अधिकारियों ने यातायात संचालन, बैरिकेडिंग, पुलिस तैनाती तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान ढेला नदी पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग का निरीक्षण कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए, जिससे कांवड़ियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित हो सके।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी@जफर/INN
