एंटी पेपर लीक बिल सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के भारी विरोध और नारेबाजी के बीच पेश कर दिया गया। सदन में लगातार हंगामे के बावजूद पीएमओ में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विधेयक को सदन के पटल पर रखा। विपक्ष के विरोध के बीच ही लोकसभा में सूचीबद्ध सरकारी कामकाज भी आगे बढ़ाया गया।
वहीं, राज्यसभा में भी छात्रों के आंदोलन और प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज का मुद्दा जोर-शोर से उठा। कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही कांग्रेस सांसदों ने सरकार को घेरते हुए मामले पर जवाब मांगा। कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी ने गृह मंत्री अमित शाह से इस घटना पर जवाबदेही तय करने की मांग की। विपक्ष के लगातार हंगामे के चलते सभापति ने राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
