मुरादाबाद। भगतपुर ब्लॉक में मंगलवार को किसान यूनियन (टिकैत) के संगठन विस्तार समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों और संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने, किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के माध्यम से उपजिलाधिकारी, तहसील सदर, जनपद मुरादाबाद के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विभिन्न जनहित और किसान हित से जुड़े मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से ग्राम बहोरनपुर कला स्थित श्मशान घाट की सार्वजनिक भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाकर राजस्व अभिलेखों के अनुसार पैमाइश, सीमांकन एवं कब्जामुक्त कराने की मांग की गई। किसानों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा ग्राम पंचायत गोकुल नगर श्यामपुर की आबादी के बीच संचालित शराब की हड्डी को मानकों के उल्लंघन का हवाला देते हुए तत्काल हटाने की मांग की गई। किसानों ने कहा कि आबादी के बीच इस प्रकार का संचालन सामाजिक एवं सार्वजनिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

ज्ञापन में राणा मिल बेलवाड़ा द्वारा किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को शीघ्र जारी कराने, थाना भोजपुर क्षेत्र की चौकी के चौकी प्रभारी विपिन राठी पर मुकदमों की जांच के नाम पर कथित अवैध वसूली के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा ग्राम पंचायत पसियापुरा में खेम सिंह के घर से राम सिंह के घर तक जर्जर मार्ग का निर्माण कराने की मांग भी शामिल रही।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि किसान लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से जनहित एवं किसान हित को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों और पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसानों के अधिकारों की लड़ाई एकजुट होकर जारी रखने का संकल्प लिया@जफर/INN
