मुरादाबाद/मेरठ। मेरठ स्थित आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन स्विमिंग चैंपियनशिप में गोल्डन गेट ग्लोबल स्कूल के होनहार तैराक बलदेव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक जीतकर स्कूल और जनपद का नाम रोशन किया। अंडर-11 वर्ग में बलदेव का प्रदर्शन प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण रहा।
100 मीटर फ्रीस्टाइल और 200 मीटर मेडले में रजत, 4×50 मीटर मेडले रिले में स्वर्ण तथा 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक किया अपने नाम
बलदेव ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल और 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले (आईएम) स्पर्धा में शानदार तैराकी का प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए। इसके अलावा उन्होंने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का एक और शानदार परिचय दिया।
सबसे बड़ी उपलब्धि टीम स्पर्धा में देखने को मिली, जहां बलदेव ने अपने साथियों माधव गुप्ता, रेयांश और अथर्व के साथ 4×50 मीटर मेडले रिले में बेहतरीन तालमेल और प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल को गौरवान्वित किया।
चैंपियनशिप में गोल्डन गेट ग्लोबल स्कूल के खिलाड़ियों ने कुल 12 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अंडर-17 वर्ग में ओम वर्धन ने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में रजत, 50 मीटर फ्रीस्टाइल तथा 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में कांस्य पदक जीते। वहीं कौस्तुभ गुप्ता, शौर्य और विराट ने भी 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में कांस्य पदक जीतने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन घावरी तथा रवि कुमार शर्मा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विशेष रूप से बलदेव की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करना उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि बलदेव भविष्य में भी तैराकी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगे और जनपद का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बलदेव महानगर के प्रतिष्ठित खुगसाल परिवार से संबंध रखते हैं। वह टैक्सेशन के प्रख्यात युवा अधिवक्ता आदित्य खुगसाल के पुत्र तथा मुरादाबाद के वरिष्ठ एवं नामचीन अधिवक्ता कन्हैया लाल खुगसाल के सुपौत्र हैं। शिक्षा, अनुशासन और सेवा-भाव के लिए पहचाने जाने वाले इस परिवार के सदस्य उच्च शिक्षित हैं तथा कई सदस्य पुलिस विभाग में अधिकारी और विधि व्यवसाय (वकालत) से जुड़े हुए हैं। ऐसे संस्कारवान और प्रतिष्ठित पारिवारिक वातावरण में पले-बढ़े बलदेव ने कम उम्र में अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर तैराकी में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर यह सिद्ध कर दिया है कि यदि प्रतिभा को परिवार का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि बलदेव की यह उपलब्धि न केवल गोल्डन गेट ग्लोबल स्कूल, बल्कि पूरे मुरादाबाद के लिए गौरव का विषय है। कम उम्र में चार पदक जीतकर उन्होंने भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत दावेदारी का संकेत दे दिया है@शांतनु/INN
