मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस-2026 के सफल आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 13 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” थीम के अंतर्गत जनपद में प्रभात फेरियों का आयोजन कराया जाएगा। साथ ही शहीद स्मारकों पर राष्ट्रधुन का आयोजन, राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं संविधान के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शासकीय कार्यालयों एवं भवनों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग अपने-अपने परिसरों में राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करें।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाए जाने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में तिरंगा यात्रा, विचार गोष्ठियों, क्रॉस कंट्री रेस, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण सहित विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं नागरिक सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक भारतीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन करते हुए अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्रहित एवं देश के विकास में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी गण मौजूद रहे@जफर/INN
