बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार (7 अगस्त) को सड़क हादसे के बाद हालात बिगड़ गए। बाईपास थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते प्रदर्शन कर रही भीड़ ने हाईवे को जाम कर दिया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और गुस्साए लोगों ने हादसे में शामिल बस को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा आसपास मौजूद कई अन्य वाहनों में भी आग लगा दी गई।
दमकल की टीम को भी लौटना पड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में आग लगने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन भीड़ के विरोध के चलते अग्निशमन कर्मियों को कार्रवाई किए बिना वापस लौटना पड़ा। इस दौरान पुलिसकर्मियों को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि आक्रोशित भीड़ ने चार से पांच अन्य वाहनों को भी आग लगा दी। हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब पुलिस और मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों पर पथराव किए जाने की सूचना सामने आई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस सड़क हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही।
