रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को उस वक्त उग्र हो गया, जब विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भिड़ंत हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारी छात्र लगातार बैरिकेडिंग पार करते हुए विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे। इससे पहले पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। हालांकि, वाटर कैनन के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने के बजाय आगे बढ़ते रहे और पुलिस की कार्रवाई के बीच प्रदर्शनकारियों की नारेबाजी भी जारी रही।
JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते गिरफ्तार
इसी बीच मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए CID ने झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव और JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि 14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा के आयोजन में कथित अनियमितताएं हुईं। जांच के दौरान ब्लैकलिस्ट की गई कंपनी TDPL को पैनल में शामिल किए जाने समेत कई बिंदुओं पर उनकी भूमिका की जांच की जा रही थी।
खियांगते से पहले भी CID कई दौर की पूछताछ कर चुकी थी। जांच एजेंसी ने JPSC कार्यालय और उनके सरकारी आवास पर तलाशी लेकर परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की थी।
छात्रों से मिले जयराम महतो
विधानसभा परिसर से बाहर निकलने के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचे। उन्होंने छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि वह उनकी आवाज विधानसभा के अंदर और सड़क पर भी उठाएंगे। इस दौरान छात्रों ने जयराम महतो को गोद में उठा लिया और उनके समर्थन में नारे लगाए।
बाबूलाल मरांडी समेत बीजेपी नेताओं को हिरासत में लिया गया
छात्रों के आंदोलन के समर्थन में बीजेपी नेताओं ने भी मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। मरांडी ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की मांगों को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए बीजेपी का संघर्ष जारी रहेगा।
रांची में एक तरफ छात्र विधानसभा की ओर मार्च कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बीजेपी का मुख्यमंत्री आवास घेराव भी जारी रहा। पुलिस की कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों के विरोध के चलते राजधानी में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
