समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव बुधवार को रामपुर पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने जिला कारागार पहुंचकर सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की। दोनों से करीब आधे से एक घंटे तक बातचीत हुई।
जेल से बाहर आने के बाद शिवपाल यादव आजम खान के आवास पहुंचे और उनकी पत्नी तंजीम फातिमा से मुलाकात की। इसके बाद वह सपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से बातचीत की और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों पर चर्चा की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत से चुनावी तैयारी करने का आह्वान किया।
शिवपाल यादव ने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो आजम खान को गृहमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी जाएगी। उनके इस बयान के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इसके बाद शिवपाल यादव जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे। उन्होंने वहां छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और विश्वविद्यालय की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। यूनिवर्सिटी परिसर में ही उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवपाल यादव ने कहा कि सरकार बदलने के बाद जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ गलत तरीके से कार्रवाई करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जौहर यूनिवर्सिटी के मुद्दे पर मजबूती से खड़ी है।
आजम खान से जेल में मुलाकात का जिक्र करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान ने उन्हें पूरे प्रदेश में घूमकर सपा को मजबूत करने और 2027 में पार्टी की सरकार बनाने के लिए काम करने को कहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आजम खान को जेल में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
सपा में कथित गुटबाजी के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि पार्टी में कोई फूट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एकजुट हैं और 2027 के चुनाव में बीजेपी को हराकर प्रदेश में सपा की सरकार बनाएंगे।
शिवपाल यादव ने छात्रों और युवाओं से भी राजनीतिक रूप से सक्रिय होने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से जौहर यूनिवर्सिटी समेत अन्य मुद्दों को लेकर पार्टी के आंदोलन को मजबूती मिलेगी।
