मुरादाबाद। प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव, उत्तर प्रदेश श्रीमती अनुराधा वेमूरी ने जनपद मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा रेंज अंतर्गत मानव-तेंदुआ संघर्ष की स्थिति एवं उसके प्रभावी प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए ग्राम लालापुर पीपलसाना में स्थापित रेस्क्यू कैंप का भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान पीसीसीएफ वन्यजीव ने रेस्क्यू अभियान में लगे वनकर्मियों एवं ग्रामीणों से संवाद कर अभियान की प्रगति, क्षेत्र की स्थिति तथा स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने अभियान में विश्नोई समाज द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए इसे महत्वपूर्ण बताया। साथ ही तेंदुआ रेस्क्यू के लिए लगाए गए ट्रैप केज, ट्रैप कैमरों एवं वन्यजीव प्रतिकर्षण उपकरण (ANIDER) का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से इनके उपयोग एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद ग्राम पंचायत में मानव-तेंदुआ संघर्ष की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर तेंदुए से बचाव और सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से तेंदुए की गतिविधियों एवं क्षेत्र की परिस्थितियों के संबंध में जानकारी और सुझाव भी प्राप्त किए गए।

पीसीसीएफ वन्यजीव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखी जाए तथा तेंदुए से संबंधित किसी भी सूचना पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों को तेंदुए से बचाव के उपायों एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति अधिक से अधिक जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया।
ग्रामीणों की सुरक्षा के दृष्टिगत प्रभावित गांवों में पर्याप्त सोलर लाइट की व्यवस्था कराने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने रेस्क्यू अभियान को प्रभावी, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा मानव एवं वन्यजीव दोनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान पी.पी. सिंह, मुख्य वन संरक्षक, रुहेलखंड जोन, बरेली, आदर्श कुमार, वन संरक्षक, मुरादाबाद वृत्त सहित संबंधित वन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे@जफर/INN
