मुरादाबाद। मुरादाबाद रेंज के अंतर्गत ग्राम सलेमपुर में वन विभाग की टीम ने एक और तेंदुए को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। तेंदुए को ट्रैप केज के माध्यम से पकड़ा गया। इसके साथ ही क्षेत्र में अब तक रेस्क्यू किए गए तेंदुओं की संख्या नौ पहुंच गई है।
ग्रामीण क्षेत्र में लगातार तेंदुओं की मौजूदगी और उनके देखे जाने की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग की ओर से प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभागीय टीमों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर ट्रैप केज भी लगाए गए हैं।
इसी क्रम में ग्राम सलेमपुर में लगाए गए ट्रैप केज में तेंदुआ फंस गया। तेंदुए के केज में कैद होने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ उसका रेस्क्यू किया।
तेंदुए के पकड़े जाने की खबर से आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पिछले कुछ समय से क्षेत्र में तेंदुओं की लगातार मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। तेंदुए के रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल अथवा सुनसान क्षेत्रों में अकेले न जाने की अपील की है।
वन विभाग की ओर से क्षेत्र में निगरानी और सर्च अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा, ताकि अन्य तेंदुओं की मौजूदगी का पता लगाया जा सके और किसी भी संभावित घटना को रोका जा सके।
सलेमपुर में तेंदुए के सफल रेस्क्यू के साथ ही मुरादाबाद रेंज में रेस्क्यू किए गए तेंदुओं की संख्या अब नौ हो गई है@जफर/INN
