तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने विधानसभा में राज्य के लाखों परिवारों को राहत देने वाले कई बड़े फैसलों की घोषणा की। सरकार ने ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स’ योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल तीन मुफ्त LPG सिलेंडर देने का ऐलान किया है।
इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये तक है। सरकार के अनुमान के मुताबिक, करीब 1.30 करोड़ परिवार इससे लाभान्वित हो सकते हैं। लाभार्थियों को योजना की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए दी जाएगी। सरकार पर इस योजना से हर साल करीब 4,000 करोड़ रुपये का वित्तीय भार आने का अनुमान है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना के विस्तार की भी घोषणा की। ‘वेत्रि पयानम’ योजना का विस्तार 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती से लागू किया जाएगा।
सरकार के मुताबिक, इस फैसले से महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों को सरकारी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा का अधिक लाभ मिलेगा। साथ ही, रोजाना यात्रा पर होने वाला उनका खर्च भी कम होगा।
