मुरादाबाद/भोजपुर। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर हरिद्वार और ब्रजघाट से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के जत्थों से भोजपुर क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया। मुरादाबाद-टिहरी राष्ट्रीय राजमार्ग समेत क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर दिनभर कांवड़ियों की भारी आवाजाही बनी रही। चकबेगमपुर, गोधी हमीरपुर, सिरसवां दोराहा, पीपलसाना सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ते दिखाई दिए।
कांवड़ियों के जत्थों के गुजरने के दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा। सड़कों पर भगवा रंग के कपड़ों और कांवड़ के साथ शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई स्थानों पर डीजे और शिव भजनों की धुनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

जगह-जगह लगे भंडारे, ग्रामीणों ने की शिवभक्तों की सेवा
कांवड़ियों के स्वागत और सेवा के लिए ग्रामीणों तथा सामाजिक संगठनों की ओर से जगह-जगह भंडारे और सेवा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में शिवभक्तों को भोजन, फल, पानी, शरबत और चाय वितरित की गई। कई स्थानों पर स्वयंसेवकों ने कांवड़ियों के विश्राम के लिए भी व्यवस्था की। शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी जाटव समाज की ओर से बस स्टैंड पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवा शिविरों में मौजूद लोगों ने कांवड़ियों की जरूरत के अनुसार पानी और अन्य सामग्री उपलब्ध कराई।

भगवा रंग में रंगे मुख्य मार्ग
कांवड़ यात्रा के चलते भोजपुर क्षेत्र के प्रमुख मार्ग भगवा रंग में रंगे नजर आए। सड़क किनारे लगे सेवा शिविरों और धार्मिक झंडों से वातावरण में अलग ही धार्मिक रंग दिखाई दिया। जगह-जगह बज रहे शिव भजनों और जयकारों के कारण क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भोजपुर पुलिस भी पूरी तरह सतर्क रही। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस ने कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के साथ ही यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए रखी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्राचीन शिव मंदिर में हुआ जलाभिषेक
सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर क्षेत्र के शिव मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह बड़ी संख्या में कांवड़िए नगर भोजपुर धर्मपुर के मोहल्ला घास मंडी स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे। यहां शिवभक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के बीच भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन के अंतिम सोमवार पर भोजपुर क्षेत्र में दिनभर आस्था, सेवा और भक्ति का संगम देखने को मिला। कांवड़ियों की सेवा में जुटे ग्रामीणों और स्वयंसेवकों के उत्साह ने इस धार्मिक माहौल को और भी खास बना दिया@जफर/INN
