मुरादाबाद। नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी के प्रस्तावित जुलूस को लेकर मंगलवार को भोजपुर पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों ने जुलूस के आयोजकों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की और जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से जुलूस के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग और प्रशासन द्वारा तय व्यवस्थाओं का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

इसके बाद पुलिस टीम ने कस्बे के विभिन्न हिस्सों में पैदल गश्त की। इस दौरान संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि जुलूस के दौरान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की भावना बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस ने आयोजकों से भी अपील की कि वे जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण करते हुए संभावित भीड़ वाले स्थानों और प्रमुख बिंदुओं की जानकारी भी ली। पुलिस की सक्रियता से कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों को भरोसा मिला।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक महेश कुमार मलिक, क्राइम इंस्पेक्टर विनोद यादव, कस्बा चौकी प्रभारी अनुज कुमार, हेड कांस्टेबल कुलदीप अत्रि, मनीष कुमार, लखविंदर सिंह, दीपक राठी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे@जफर/INN
