मुरादाबाद। जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने मुगलपुरा एवं कोतवाली क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और जुलूस से जुड़े इलाकों का निरीक्षण करते हुए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम और एसएसपी ने पैदल भ्रमण के दौरान क्षेत्र के लोगों से संवाद किया और पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन की तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने जुलूस मार्गों की स्थिति, यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों का भी निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने पुलिसकर्मियों से कहा कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी सूचना को हल्के में न लिया जाए। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक या आपत्तिजनक सूचनाओं पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जुलूस मार्ग पर साफ-सफाई, बिजली, यातायात, पेयजल समेत आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पुलिस-प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी के दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल कायम करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी@शान्तनु/INN
