पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में 15 नवजात शिशुओं की मौत होने की खबर सामने आई है, हालांकि अधिकारियों की ओर से अभी मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील के मुताबिक, जिस वार्ड में आग लगी, वहां करीब 15 बच्चे मौजूद थे। उन्होंने बताया कि संभव है कि कुछ बच्चों को रात में ही अस्पताल से छुट्टी मिल गई हो, इसलिए फिलहाल सही संख्या स्पष्ट नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 7 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। दमकल की छह गाड़ियां और चार एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। आग पर काबू पा लिया गया है, जबकि वार्ड में कूलिंग का काम जारी है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए आग लगने के कारणों की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। जिला प्रशासन भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहा है।
