कानपुर के कटरी क्षेत्र स्थित नत्थूपुरवा गांव में गुरुवार दोपहर एक ट्रेनिंग विमान हादसे का शिकार हो गया। विमान अचानक अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरा। हादसे के वक्त विमान में दो ट्रेनी पायलट सवार थे।
दुर्घटना में एक ट्रेनी पायलट की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल पायलट को इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान के खेत में गिरने से पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। विमान किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।
