मुरादाबाद। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर गुरुवार को पुलिस कार्यालय में भावनाओं से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रर्पण संस्था की सदस्य माताओं-बहनों एवं विद्यालय की छात्राओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल सहित पुलिस अधिकारियों को राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा का संदेश दिया।

इस दौरान छात्राओं एवं महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी और पुलिस-जनता के बीच विश्वास एवं आत्मीयता का संदेश दिया। कार्यक्रम में रक्षाबंधन की परंपरा के साथ महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की जिम्मेदारी भी प्रमुखता से सामने आई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने सभी माताओं-बहनों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस सदैव महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा के लिए तत्पर है। उन्होंने सुरक्षा के प्रति भरोसा कायम रखने का विश्वास भी दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और छात्राओं के बीच आत्मीय संवाद का माहौल रहा। रक्षाबंधन का यह आयोजन पुलिस और समाज के बीच आपसी विश्वास एवं भाईचारे को मजबूत करने वाला संदेश देता नजर आया@शांतनु/INN
