मुरादाबाद : जिलाधिकारी डा. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण एवं शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की स्थिति, लंबित शिकायतों तथा शिकायतकर्ताओं द्वारा दिए गए संतुष्टि एवं असंतुष्टि फीडबैक की विस्तृत समीक्षा की गई।
जनपद का आईजीआरएस शिकायत संतुष्टि प्रतिशत 61 प्रतिशत होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिल सके और जनपद का संतुष्टि प्रतिशत बेहतर हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत के निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसकी समस्या के समाधान की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता अपनी समस्या के समाधान से संतुष्ट हो और सकारात्मक फीडबैक प्राप्त हो। यदि किसी शिकायतकर्ता को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है तो उसे हर हाल में पूरा किया जाए। इस संबंध में चकबंदी एवं राजस्व विभाग को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को आईजीआरएस से संबंधित आश्वासन रजिस्टर एवं मांग रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए उसके कारणों की जानकारी प्राप्त की जाए तथा जहां आवश्यक हो, तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
