मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा क्षेत्र के ग्राम बहापुर बलिया में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना के बाद रविवार को पुलिस और प्रशासनिक टीम ने सर्च अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह और थाना ठाकुरद्वारा पुलिस ने ड्रोन के माध्यम से गांव और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की।

ड्रोन के जरिए संभावित स्थानों पर तेंदुए की तलाश की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लेने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तेंदुए की मौजूदगी को लेकर क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस और संबंधित विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं।

ग्रामीणों से अपील की गई है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को सूचना दें@जफर/INN
