दिल्ली-NCR में चलती बस के अंदर एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बस को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है। मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा किसी बात से नाराज होकर घर से बिना बताए निकल गई थी। वह नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जाने की कोशिश कर रही थी।
बताया जा रहा है कि उस दिन तेज बारिश और अंधेरा होने के कारण छात्रा अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी और परी चौक के पास रह गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक खाली बस को उसने रुकने का इशारा किया। बस के कंडक्टर ने कथित तौर पर उसे नोएडा सेक्टर-63 तक छोड़ने की बात कही।
आरोप है कि बस आगे बढ़ने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर छात्रा को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए। घायल हालत में छात्रा ने पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी।
जांच में सामने आया कि बस परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर चली। बस में गहरे रंग के पर्दे लगे होने के कारण बाहर से अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं दे रही थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ड्राइवर और कंडक्टर की पहचान की और दोनों को तिमारपुर बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बस में खराबी आने के बाद उसे सूरजपुर स्थित वर्कशॉप में रिपेयरिंग के लिए पहुंचाया था और इसके बाद खाली बस को तिमारपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर उनकी मुलाकात छात्रा से हुई।
इस घटना ने एक बार फिर कमर्शियल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली-NCR में बस कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन, यूनिफॉर्म पर नेम प्लेट, बसों में विजिबिलिटी बनाए रखना, पैनिक बटन और GPS जैसी सुविधाएं जरूरी मानी जाती हैं। हालांकि, इस मामले में बस में गहरे पर्दे लगे होने और सुरक्षा नियमों में कथित लापरवाही ने गंभीर सवाल पैदा किए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस की फॉरेंसिक जांच के साथ अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजनों को दिल्ली बुलाया गया और उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया।
