होर्मुज स्ट्रेट में एक सुपरटैंकर के समुद्री माइंस से टकराने का दावा सामने आया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड यानी IRGC के मुताबिक, दक्षिणी होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा यह जहाज दो नौसैनिक माइंस की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद सुपरटैंकर में भीषण आग लग गई और उसे पूरी तरह रोकना पड़ा।
IRGC का कहना है कि सुपरटैंकर ईरान द्वारा निर्धारित नेविगेशन नियमों का पालन किए बिना ऐसे रास्ते से गुजर रहा था, जिसे ईरान अनधिकृत और गैरकानूनी मानता है। इसी दौरान जहाज माइंस से टकराया। हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने अभी तक जहाज का नाम, उसके झंडे, कार्गो या चालक दल से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। हादसे में किसी के मारे जाने या घायल होने की भी पुष्टि नहीं हुई है।
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले दूसरे जहाजों को भी चेतावनी दी है। IRGC ने कहा है कि ईरान के तय किए गए समुद्री नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों को भी इसी तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही शिपिंग कंपनियों से अमेरिकी सेना के निर्देशों का पालन नहीं करने को कहा गया है।
होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री माइंस का खतरा पहले से ही अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का बड़ा कारण बना हुआ है। अमेरिका ने हाल ही में ईरान के लारक आइलैंड पर सैन्य कार्रवाई की थी। अमेरिकी सेना के मुताबिक, वहां IRGC के दो लॉन्च सिस्टम को निशाना बनाया गया था।
अमेरिका का आरोप है कि इन लॉन्च सिस्टम के जरिए ईरानी सेना होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री माइंस बिछाने की तैयारी कर रही थी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसे अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए गंभीर और तत्काल खतरा बताया था। अमेरिका के अनुसार, उसने अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट के पास मौजूद माइंस हटाने का काम पूरा किया था, लेकिन ईरान की सेना दोबारा माइंस बिछाने की तैयारी कर रही थी।
अब सुपरटैंकर के माइंस से टकराने के ईरानी दावे ने होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल इस क्षेत्र में ईरान की चेतावनी और अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बीच तनाव और बढ़ता नजर आ रहा है।
